
भाजपा महानगर अध्यक्ष चुनाव : देश-प्रदेश की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी में संगठन में पद पाना ही बड़ी बात नहीं है, बल्कि उसमें होने वाले चुनाव में आवेदन के लिए प्रस्तावक पाने के लिए भी एक-एक लाख की रिश्वत मांगी जा रही है। वो भी महज महानगर अध्यक्ष के चुनाव में। ये आरोप हम नहीं लगा रहे। बल्कि ये दावा किया है गाजियाबाद के ही बीजेपी के एक बीजेपी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश स्तर के नेता ने। अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर उन्होंने खुलेआम लिखा है कि यदि महानगर अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ना है तो प्रस्तावकों को एक-एक लाख रुपया देना होगा।
जावेद खान सैफ ने लगाया आरोप
भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष रहे जावेद खान सैफ ने पार्टी के भीतर भ्रष्टाचार होने का ये आरोप सार्वजनिक तौर पर लगाया है। जावेद ने अपने फेसबुक अकाउंट पर इस बारे में अपनी पोस्ट के जरिये लिखा है। जावेद का कहना है कि महानगर अध्यक्ष पद के चुनाव में केवल प्रस्तावक बनने के ही एक-एक लाख रुपये मांगे जा रहे हैं। जावेद ने इस तरह के पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा कि महानगर अध्यक्ष की दावेदारी का कल अंतिम दिन है। लेकिन प्रस्तावक मुंह खोलकर बैठे हैं। उन्होंने प्रस्तावकों को संबोधित करते हुए लिखा कि माफ कीजिएगा मेरे पास आपको देने के लिए कुछ नहीं है।
ये भी पढ़े: शुरू हो रहा निगम का वसूली अभियान : 3 महीने में टैक्स से जुटाने हैं 143 करोड़
पूर्व महानगर महामंत्री से चला संवाद

जावेद की इस पोस्ट को पढ़ते ही बीजेपी के पूर्व महानगर महामंत्री लेखराज माहौर ने उनकी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि गलत बात है। इस पर जावेद ने अपनी प्रतिक्रिया दी कि क्या गलत बात है क्या आप मेरे प्रस्तावक बन सकते हैं। इस पर लेखराज माहौर ने लिखा कि जी हां। कल आप अप्लाई करो, आपको दो प्रस्तावक मिलेंगे। इस पर जवाब में जावेद ने लिखा कि माफ कीजिएगा भाई साहब। सुबह आपसे बात की थी।
आपने पहले से ही बता दिया था कि ब्राह्मण समाज को आपका सपोर्ट रहेगा। इस पर लेखराज ने लिखा कि गलत। मेरा सपोर्ट आपको रहेगा। आप कल अप्लाई करो। लेखराज ने फिर लिखा कि आप जैसे व्यक्ति से यह उम्मीद नहीं थी। इस पर जावेद ने फिर प्रतिक्रिया में लिखा कि भाई साहब क्या उम्मीद नहीं थी ब्राह्मण और बनियों के अलावा आप किसी को सलाम बजा सकते हो। आप पूरी जिंदगी नके ही मातहथ रहोगे। इस पर लेखराज ने लिखा कि आप मेरे नेता हो। आप आदेश करो। इस पर जावेद ने लिखा कि दो प्रस्तावक बिना रिश्वत के कल मुझे दिलाओ। मैं महानगर अध्यक्ष की दावेदारी करूंगा। लेकिन प्रत्येक प्रस्तावक एक लाख रुपया मांग रहा है मुझसे।
वकालत करने की दी सलाह
जावेद की इस पोस्ट पर उन्हें पार्टी की ही ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष वरुण पंडित ने पोस्ट के जरिये एक सलाह भी दे डाली। वरुण ने लिखा कि जावेद सैफ क्यों दिक्कत में हो तुम भाई साहब। तुम कहां चक्कर में पड़ रहे हो। अपना वकालत करो, बढ़िया है।
ये भी पढ़े: डॉक्टर दंपति में रार : पति ने कराई FIR, बोला-विदेशी युवक से चल रहा इश्क
सपाईयों ने भी ली चुटकी
जिस बीजेपी के गाजियाबाद की सभी सीटों पर विधायक हों। सांसद भी पार्टी का हो, मेयर भी और आधे से ज्यादा पार्षद भी निगम में जिस पार्टी के हों उसमें महानगर अध्यक्ष पद के चुनाव में पार्टी के भीतर से ही भ्रष्टाचार की बातें मुखर होना कई सवाल पैदा करता है। उधर, मामले को लेकर कई सियासी दलों से जुड़े लोग भी चुटकी लेने में जुटे हैं। जावेद की पोस्ट पर ही उनकी फ्रेंड लिस्ट में जुड़े कुछ समाजवादी पार्टी व अन्य दलों के नेता जमकर चुटकी ले रहे हैं। और तरह-तरह कमेंट भी कर रहे हैं।
महानगर अध्यक्ष बोले-नाम बताएं, किसने मांगा पैसा ?
इस पूरे मामले को लेकर बीजेपी के महानगर अध्यक्ष और गाजियाबाद विधायक संजीव शर्मा से फोन पर बात करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। मगर, यदि किसी ने प्रस्तावक बनने पर पैसे की मांग की है, तो गंभीर विषय है। शिकायत करें कार्रवाई की जाएगी।
ऐसी और खबरों के लिए हमारे सोशल मीडिया फॉलो करे: Twitter Facebook